कोतवाली में बुधवार को चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। चारो लोगों पर महिला की हत्या कर शव गायब करने का आरोप है। न्यूरिया थाना क्षेत्र मेें रहने वाला एक युवक के मुताबिक वह रेलवे में सफाई कर्मचारी है। परिवार समेत रेलवे कालोनी में रहता है। वर्ष 2015 में युवक की पत्नी को ठाकुरद्वारा निवासी मोहम्मद फारूख बहला फुसलाकर ले गया था। इस घटना की रिपोर्ट सुनगढ़ी थाने में दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने महिला को बरामद करने के बाद कोर्ट के आदेश पर मोहम्मद फारूख के साथ भेज दिया था। इसके कुछ दिनों बाद युवक के पास उसकी पत्नी का फोन पहुंचा। उसने फारूख पर उसे बेचने के इरादे से पंजाब ले जाने का आरोप लगाया था। 13 मार्च 2016 को युवक ने आरोपी के घर जाकर पत्नी के बारे मे जानकारी की। तब उसे अपनी पत्नी की हत्या करके लाश खकरा नदी के पास छिपा देने के बारे में पता लगा। उसके शिकायत करने पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। कोर्ट के आदेश पर बुधवार को कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। कोतवाल ख्यालिराम आदित्य ने बताया कि मुकदमे में न्यूरिया के ठाकुरद्वारा निवासी मोहम्मद फारूख, रफ्फू, पप्पू और विसल्लाह को नामजद किया गया है। महिला जिंदा है या फिर मर गई, इसको लेकर वादी कोई प्रमाण नहीं दे सका है। जांच की जा रही है, जल्द स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।