फर्जी कागजात तैयार करके जमीन हड़पने के मामले में कोतवाली पुलिस ने कातिब समेत पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। इसमें जमीन मालिक बनाकर किसी दूसरे युवक को रजिस्ट्री कार्यालय में बैनामा कराने का आरोप है। बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के फरीदापुर निवासी साबिर बेग पुत्र शहजाद बेग ने डीआईजी को दी तहरीर में बताया कि जहानाबाद में उसकी कृषि भूमि है। 11 नवंबर 2016 को पीड़ित ने अपनी जमीन की फर्द निकलवाई। इसमें उसके स्थान पर जहानाबाद के बिलाई पसियापुर निवासी ईदरीशन बेगम पत्नी मंजूर अहमद का नाम दर्ज था। जबकि उसने अपनी कृषि भूमि का कोई बैनामा ही कराया नहीं था। इसके अलावा यह भी पता लगा कि उसके स्थान पर किसी अन्य युवक को साबिर बेग बनाकर रजिस्ट्री कार्यालय में फर्जी अभिलेख इस्तेमाल किए गए। कई बार कोतवाली पुलिस से शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने डीआईजी से न्याय की गुहार लगाई। इसके बाद मामले में कानूनी कार्रवाई की गई है। कोतवाली पुलिस ने डीआईजी के आदेश पर आरोपी बिलाई पसियापुर निवासी ईदरीशन बेगम, उसके पुत्र रिहान, अकबरगंज (जहानाबाद) के मुशर्रत अली, सादिक बेग और कातिब मकसूद के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।