इंदिरा आवास आवंटन में धांधलेबाजी सामने आई है। करेली गांव के प्रधानपति पर लगे आरोप जांच में सही पाए जाने पर डीएम ने एफआईआर के आदेश दिए हैं। गरीबों को मिलने वाले इंदिरा आवासों में गड़बड़ी की शिकायतें आए दिन मिलती हैं। पात्र होने के बाद भी गरीब आवास पाने को भटक रहे हैं जबकि धनबल के चलते अपात्रों का आवास आवंटित किए जा रहे हैं। आवास आवंटन में धन उगाही का मामला सामने आया है। बिलसंडा ब्लाक की ग्राम पंचायत करेली के ग्रामीणों ने प्रधानपति बेटाराम तिवारी पर आरोप लगाया था कि इंदिरा आवास के लाभार्थियों से बैंक से किश्त निकलवाने के बाद 10-10 हजार रुपये वसूले थे। इस शिकायत पर डीएम ने जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी देवेंद्र कुमार को जांच सौंपी थी। इस जांच में प्रधानपति पर लगे आरोप सही पाए गए। जांच अधिकारी की रिपोर्ट को डीपीआरओ शशिकांत पांडेय ने कार्रवाई की संस्तुति सहित डीएम मासूम अली सरवर के समक्ष प्रस्तुत की। इस पर डीएम ने प्रधानपति बेटाराम तिवारी के खिलाफ एफआईआर के आदेश दिए हैं। डीपीआरओ शशिकांत पांडेय ने बताया डीएम के आदेश पर एफआईआर की तैयारी कराई जा रही है। मंगलवार को रिपोर्ट दर्ज करा दी जाएगी।