दबिश देने गई यूपी 100 पुलिस से मारपीट कर अभद्रता करने वाले के खिलाफ अफसरों की सख्ती के बाद कानूनी शिकंजा कसा गया है। सिपाही से मिली तहरीर पर हजारा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। हालांकि अभी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की जा सकी है।
हजारा थाना क्षेत्र के राणा प्रतापनगर गांव में सोमवार रात दो सगे भाईयों के बीच विवाद हो गया था। इसकी सूचना मिलने पर यूपी 100 पुलिस मौकेपर पहुंची। इस बीच एक पक्ष से नंदलाल ने नशे की हालत में पुलिस से भिडना शुरू कर दिया। आरोप है कि लाठी लाकर पुलिस से मारपीट पर उतारू हो गया और वर्दी फाड़ दी। किसी तरह पुलिसकर्मियों ने मौके से वापस आकर खुद को बचाया। इसकी शिकायत मिलने के बाद थाना पुलिस ने मामला टाल दिया। नशे में कहासुनी की बात कहकर मौके पर जाकर जांच करने की जहमत भी नहीं उठाई गई थी। दूसरे दिन मामला संज्ञान में आने पर अफसर सख्त हुए और कार्रवाई के निर्देश दिए। तब जाकर हजारा पुलिस हरकत में आई है। एसएचओ शैलेंद्र पाल सिंह ने बताया कि यूपी 100 के सिपाही अरूण कुमार ने मामले में तहरीर दी है। जिसके आधार पर आरोपी नंदलाल के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट, धमकाने आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।