वैवाहिक समारोह में शामिल होने आए दूल्हे के दो दोस्तों ने रंग में भंग डाल दिया। शराब के नशे में दोनों आरोपियों ने पहले मेहमानों के साथ गाली गलौच की। दूल्हे के चचेरे भाई प्रतीक पांडेय ने विरोध किया तो युवकों ने उसकी पिटाई कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सिविल लाइन सुभाषनगर निवासी प्रतीक पांडेय ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा है कि उसके चचेरे भाई की शादी थी। शादी समारोह में शहर कोतवाली के मोहल्ला एकतानगर निवासी उसके भाई के दोस्त रविकांत गंगवार और शशीकांत गंगवार भी आए थे। आरोप है कि दोनों नशे में थे। वैवाहिक समारोह के दौरान मेहमानों के साथ झगड़ा और गाली गलौज करने लगे। शोर शराबा होने पर जब वह मौके पर पहुंचा और विरोध किया तो दोनों आरोपी उस पर हमलावर हो गए। गाली गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। इंस्पेक्टर अतुल प्रधान ने बताया कि प्रतीक पांडेय की ओर से दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।