तीन दिन पहले हुई मामूली कहासुनी को लेकर एक किशोर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर गन्ने के खेत में किशोर लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में किशोर की मौत हो गई। उसके बड़े भाई की तहरीर पर पुलिस ने पिता-पुत्र समेत चार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली क्षेत्र के रंपुरिया नगरिया गांव निवासी मजदूर अलानूर के 17 वर्षीय पुत्र गुलाब हसन का तीन दिन पहले गांव के ही रईस से कहासुनी हो गई थी। शनिवार दोपहर करीब तीन बजे नमाज पढ़ने के बाद गुलाब हसन घर पहुंचा। तभी रईस उसे खेत घुमाने की बात कहकर अपने साथ ले गया। गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर गन्ने के खेत में ले गया। जहां रईस ने अपने भाई अनीस, शरीफ और पिता सफदर शाह के साथ मिलकर गुलाब हसन पर चाकू से जानलेवा हमला गोद डाला। उसकी चीख पुकार सुनकर पड़ोस के खेत में काम कर रहा भाई नूर अहमद दौड़कर मौके पर पहुंच गया। उसे देखकर हमलावर भाग गए। उसकी सूचना पर परिवार के अन्य लोग पहुंच गए। घरवाले लहूलुहान हालत में गुलाब हसन को अस्पताल ले जा रहे थे। मगर रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिवार वालों से सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। सीओ हरीश भदौरिया, कोतवाल एसके सिंह ने भी मौका मुआयना किया। एक आरोपी सफदर शाह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
यह था विवाद
तीन दिन पूर्व 19 जनवरी की शाम गुलाब हसन साइकिल पर बीसलपुर से घर लौट रहा था। गांव के बाहर रईस बीच सड़क पर खड़ा था। उससे गुलाब हसन के एक तरह हटने को कहा। इसी को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी। उस वक्त मौके पर मौजूद लोगों ने बीच बचाव करा दिया था। गुलाब हसन बीसलपुर में एक दुकान पर कारपेंटर का काम सीख रहा था।
तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपी सफदर शाह गिरफ्तार को कर लिया गया है। - हरीश भदौरिया, सीओ बीसलपुर