एसपी के आदेश पर सुनगढ़ी पुलिस ने की कार्रवाई
सट्टा किंग पप्पू टेलर को जेल भेजने के बाद उस पर कानूनी शिकंजा कसते हुए सुनगढ़ी पुलिस ने कार्रवाई की है। एसपी के आदेश पर सट्टा किंग समेत पांच के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पिछले दिनों अमर उजाला में प्रकाशित खबर को संज्ञान में लेकर एसपी कलानिधि नैथानी ने जनपद में सटोरियों के खिलाफ अभियान छेड़ा। इसमें एक मुकदमे में फरार चल रहे सट्टा किंग पप्पू टेलर और रुहेलखंड में कारोबार करने वाले वेदप्रकाश उर्फ बेदी को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। कई छिटपुट सटोरियों की धरपकड़ जारी है। ऐसे में अब कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए पप्पू टेलर उर्फ एजाज अहमद निवासी मोहल्ला वशीर खां, नौगवां पकड़िया निवासी राशिद, सुरेंद्र सक्सेना, हरिओम और मोहल्ला भूरे खां निवासी अकील के खिलाफ सुनगढ़ी थाना पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। इसके अलावा गैंगस्टर एक्ट के दो फरार आरोपियों की भी धरपकड़ की गई है। कोतवाल एसके सिंह ने मुखबिर की सूचना पर काला मंदिर निवासी जय सिंह को धर दबोचा। उधर पूरनपुर कोतवाल जयवीर सिंह ने गैंगस्टर एक्ट के आरोपी सुआबोझ निवासी बनवारीलाल को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है। इसके अलावा कोतवाली पुलिस के कांस्टेबल अनिल कुमार ने मोहल्ला अशरफ खां निवासी नदीम इसरार को बकसपुर गैस गोदाम के पास संदिग्ध हालत में घूमते पकड़ा। इसके पास से तलाशी लेने पर चाकू बरामद हुआ। जिस पर रिपोर्ट दर्ज कर चालान किया है।