रिश्तेदारी में दुधमुंहे बच्चे को लेकर जा रही लखीमपुर खीरी के थाना हैदराबाद के गांव अयोध्यानगर निवासी प्रमोद कुमार की पत्नी नीलम देवी को रास्ते में घेरकर साइकिल सवार ने लूट लिया। आरोपी महिला का पर्स और मोबाइल लेकर भाग गया। पर्स में चार हजार रुपये, सोने के कुंडल आदि थे। घटना बुधवार शाम की है। लखीमपुर खीरी के थाना हैदराबाद के गांव अयोध्यानगर निवासी प्रमोद कुमार की पत्नी नीलम ने बताया कि रिश्तेदारी में क्षेत्र के गांव बलरामपुर निवासी राजेश कुमार के घर आईं थीं। कसगंजा बस स्टैंड पर उतर कर पैदल गैस एजेंसी के समीप से होती हुई जा रही थी। इस दौरान पीछे से आए साइकिल सवार ने उसकी नांक पर घूसा मारकर उसका मोबाइल और बैग लूट लिया। शोर-शराबा होने पर आरोपी साइकिल छोड़कर भाग निकला। उन्होंने बताया कि बैग में चार हजार रुपये से कुछ अधिक की नगदी, सोने के कुंडल और अन्य सामान था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने साइकिल की शिनाख्त कराई। एसएसआई एमएस विष्ट ने बताया कि साइकिल गांव सिमरा के अजय यादव की निकली। उसी के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लूट के 4025 रुपये और बैग को बरामद कर लिया गया। कुंडल और मोबाइल नहीं मिला। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी का कोर्ट के लिए चालान कर दिया गया है।