मोहल्ला डालचंद में सफाई को लेकर हुए विवाद में दो समुदाय के दो युवकों में मारपीट हो गई। देखते ही देखते दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए और उनमें मारपीट के साथ पथराव शुरू हो गया। दोनों पक्षों की ओर से करीब आधे घंटे तक जमकर पथराव हुआ। हालांकि किसी के घायल होने की खबर नहीं है। एएसपी, सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लाठियां फटकार कर उपद्रवियों को खदेड़ा। तनाव को देखते हुए मोहल्ले में पुलिस बल तैनात किया गया है।
शहर कोतवाल संग्राम सिंह ने बताया कि मोहल्ला डालचंद में एक धार्मिक स्थान पर मंगलवार को कार्यक्रम होना था। वहीं पड़ोस में दूसरे समुदाय का भी कार्यक्रम होना है। सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे मोहल्ला बेनीचौधरी निवासी नगरपालिका सफाई कर्मचारी सोनू सफाई कर रहा था। इसी बीच मोहल्ले का ही दूसरे समुदाय के सोनू नाम के युवक से उसकी सफाई को लेकर कहासुनी हो गई। इस पर नाराज दूसरे समुदाय के सोनू ने उसे थप्पड़ मार दिया। विरोध पर सफाई कर्मचारी ने उसके पैरों पर सफाई करने वाले लोहे के पंजे से हमला कर दिया। इसी पर दोनों में मारपीट हो गई। शोर होने पर दोनों समुदाय के लोग मौके पर पहुंच गए और मामले को निपटाने का प्रयास करने लगे। इसी बीच कुछ शरारती लोगों ने एक-दूसरे को गालियां देनी शुरू कर दीं। जिससे माहौल फिर बिगड़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। उनमें मारपीट होने के साथ जमकर पथराव शुरू हो गया। आधा घंटे चले संघर्ष में करीब 100 मीटर लंबी सड़क ईंट-पत्थरों से पट गई।
सूचना पर एएसपी सुधीर कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट जेके शर्मा, सीओ सिटी कौशलेंद्र कुमार सिंह, शहर कोतवाल संग्राम सिंह और प्रभारी निरीक्षक सुनगढ़ी बृजेश सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को खदेड़ दिया, लेकिन उपद्रवी फिर सड़कों पर उतर आए। हालात सामान्य होते जब नहीं दिखे तो पुलिस लाइन से अतिरिक्त फोर्स और पीएसी बुला ली गई। पुलिस और पीएसी ने लाठियां फटकार कर बमुश्किल स्थिति नियंत्रण में की। एएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि हालात पूरी तरह से सामान्य है। मंगलवार को वाल्मीकिजयंती है और दूसरे समुदाय का वहीं पर जलसा है। हालातों को देखते हुए मोहल्ले में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। फिर भी माहौल खराब करने वालों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के सामने भी भिड़ने की कोशिश
सूचना पर जब एएसपी सुधीर कुमार सिंह और सिटी मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे और हालातों पर काबू पाने के बाद दोनों पक्षों को बुलाया और उनसे वार्ता की। इस दौरान भी दोनों पक्ष के लोग एक बार फिर आमने-सामने आ गए, लेकिन पुलिस ने हालातों को देखते हुई किसी तरह समझा बुझाकर दोनों पक्षों को जाने दिया।
आधे घंटे तक दहशत में रहे मोहल्लेवासी
दोनों पक्षों में मारपीट-पथराव से मोहल्ला डालचंद और उसके आसपास के मोहल्लों में दहशत व्याप्त हो गई। महिलाएं और बच्चों के साथ लोग अपने घरों में दुबक गए, जो महिलाएं दरवाजों पर खड़ीं थीं। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें घरों के अंदर कैद कर दिया।
... अभी थोड़ी देर घर मत आना
मोहल्ला डालचंद में दोनों समुदायों के बीच हुई मारपीट और पथराव के दौरान मोहल्ले की काफी महिलाएं दहशत में आ गईं। महिलाओं को घर से बाहर निकले अपने परिवार के सदस्यों को मोबाइल पर कॉल कर यह कहते सुना गया कि मोहल्ले में ईंट-पत्थर चल रहे हैं। बहुत पुलिस आ गई है। अभी घर मत आना। जहां हो वहीं रुक जाओ। दोबारा फोन करेंगे तो आना।
देखते ही देखते छावनी बना शहर
मोहल्ला देशनगर में दो समुदायों के बीच हुए बवाल के बाद पुलिस अलर्ट हो गई। दूसरे मोहल्लों में चिंगारी भड़कने से आशंकित पुलिस ने मिश्रित आबादियों और प्रमुख प्वाइंटों पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। अचानक सड़कों पर हूटर बजाते दौड़ रहे पुलिस और प्रशासन के वाहनों से शहर के लोग सकते में आ गए।