खाद्य सुरक्षा विभाग ने जहानाबाद क्षेत्र में अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों की जांच की। इस दौरान मिठाई की दुकान से बर्फी का नमूना लिया। जबकि खमरिया पट्टी में एक्सपायर डेट की कोल्डड्रिंक्स मिलने पर उसका नमूना लेकर नष्ट कराया।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अभिहीत अधिकारी विजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को टीम ने खाद्य पदार्थो की जांच की। जहानाबाद में रामलखन की मिठाई की दुकान पर खुली वस्तुओं को ढककर रखने के निर्देश दिए। साथ ही खराब प्रतीत होने पर बर्फी का नमूना लिया। जहानाबाद के बाद टीम खमरिया पुल पहुंची। यहां रामराज की दुकान पर एक्सपायर डेट की कोल्डड्रिंक ब्रिकी होते मिली। अभिहीत अधिकारी ने इस पर दुकान स्वामी की फटकार लगाई और पुन: ऐसा होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। टीम ने यहां कोल्डड्रिंक का नमूना लेकर उसे नष्ट करा दिया। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह व राम मिलन राना भी मौजूद रहे।