कोतवाली पुलिस ने बुधवार की रात हलकी मुठभेड़ के बाद शाहजहांपुर रोड के नींवाडांडी मोड़ पर शाहजहांपुर के दो बदमाशों को दबोच लिया। साथ ही उनके पास से देशी असलहे बरामद करने का दावा पुलिस ने किया है।
थाना प्रभारी केपी सिंह ने बताया कि उप निरीक्षक घनश्याम बहादुर पुलिस टीम के साथ बुधवार को रात 11:45 बजे शाहजहांपुर रोड पर रात्रिकालीन गश्त करने जा रहे थे। रास्ते में नींवाडांडी मोड़ पर दो संदिग्ध युवक खड़े मिले। टोकने पर उन युवकों ने पुलिस पार्टी पर तमंचों से फायर करना शुरू कर दिया, लेकिन पुलिस पार्टी ने बचाव करने के साथ दोनों को दबोच लिया। दबोचे गए बदमाशों में से एक ने अपना नाम सईद अहमद और दूसरे ने अनुज कुमार बताया।
दोनों बदमाश जिला शाहजहांपुर के थाना सिंधौली क्षेत्र के गांव भटपुरा के निवासी बताए गए हैं। दोनों के कब्जे से पुलिस ने 315 बोर के दो तमंचे और चार जीवित कारतूस बरामद करने का दावा किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि शुक्रवार को एक सिपाही भेजकर थाना सिंधौली से दोनों के आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी की जाएगी।