विदेश भेजने का झांसा देकर गांव सिकराना निवासी गुरदेव सिंह से आठ लाख रुपये की ठगी कर ली गई। बाद में रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर गुरदेव सिंह की ओर से गांव बंजरिया निवासी गुरप्रीत सिंह, दलजीत सिंह, गुरमख सिंह सहित चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस ने बताया कि गुरदेव सिंह ने विदेश जाने का मन बनाया। वीजा बनवाने के दौरान उसकी मुलाकात गांव बंजरिया निवासी गुरप्रीत सिंह से हुई। आरोप है कि गुरप्रीत सिंह ने उसे विदेश भेजने में दस लाख रुपये का खर्च बताया। आठ लाख रुपये में उसकी बात तय हो गई। गुरप्रीत सिंह ने अपने भाई दलजीत सिंह, गुरमुख सिंह के साथ मिलकर लेन-देन तय किया। आरोप है कि नौ नवंबर, 2014 को गुरप्रीत सिंह ने अपने भाई दलजीत सिंह के खाते मेें पचास हजार रुपये, 11 दिसंबर 2014 को पचास हजार रुपये डलवाए। 25 दिसंबर, 2014 को दो लाख रुपये , चार मार्च 2015 को ढाई लाख रुपये, 11 मार्च 2015 को पचास हजार रुपये सहित कुल 799900 रुपये ले लिए। आरोप है कि इसके बाद उसे तीन अप्रैल 2015 को साइप्रस का टिकट दिया गया। साइप्रस रवाना होने से एक दिन पहले उसे फोन कर बताया गया कि साइप्रस में जिसके यहां उसे नौकरी करनी है, वह इंग्लैंड चला गया है। आरोप है कि बाद में आरोपियों ने उससे साइप्रस न जा पाने की बात कही। रुपये मांगने पर इंकार कर दोबारा रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर गुरदेव सिंह की ओर से गुरप्रीत सिंह, दलजीत सिंह, गुरमुख सिंह और एक अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।