कोल्डड्रिंक में नशा देकर तीन बदमाशों ने रिक्शा चालक को बेहोश कर दिया। इसके बाद ई-रिक्शा व रुपये लूट ले गए।
पूरनपुर देहात के मोहल्ला अहमदनगर निवासी गुड़िया ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पति असलम खां ई-रिक्शा चलाते हैं। शुक्रवार दोपहर पति रिक्शा लेकर निकले। शाम को माधोटांडा रेलवे क्रासिंग के पास तीन युवक आसाम हाइवे स्थित एक होटल जाने के लिए तय कर ई-रिक्शा में सवार हुए। उनके पास एक कोल्ड ड्रिंक पहले से थी। बातों में उलझाने के बाद विश्वास में लिया इसके बाद रिक्शा चालक को कोल्डड्रिंक पिला दी। कुछ ही देर में जब रिक्शा चालक बेहोश होने लगा तो आरोपी ई-रिक्शा और जेब में रखे साढ़े चार सौ रुपये लूटकर फरार हो गए। उसको बेहोशी की हालत में सड़क पर फेंक दिया। रात में फोन करने पर पता चला कि असलम गोमती गुरुद्वारा के पास सड़क पर बेहोश पड़ा है। इस पर परिवार वाले मौके पर पहुंचे और उसे घर ले आए। होश आने पर असलम ने अपने साथ हुई घटना बताई। शनिवार को पत्नी गुड़िया ने पुलिस को घटना की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन पुलिस सीमा विवाद में उलझकर रह गई। घटना को गजरौला क्षेत्र की बता टाल दिया गया।