मां को मृत और भाई को पागल दर्शाकर प्लाट की बिक्री करने के मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने नगर के राइस मिलर्स एसोसिएशन के पूर्व नगराध्यक्ष समेत आठ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
बरेली के नवावगंज के मोहल्ला नौबतगंज निवासी रामप्रकाश की विधवा सुमन गुप्ता ने कोर्ट के आदेश पर दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा है कि उसे बिलसंडा में थाने के समीप एक प्लाट पति के मामा राधेकृष्ण का विरासत में मिला था। जिसमें कई वर्षों तक हरि विद्या मंदिर स्कूल किराए पर चलता रहा। विद्यालय का नवीन भवन अन्यत्र बन जाने पर प्रबंध समिति ने प्लाट खाली कर दिया था।
आरोप है कि षडयंत्र के तहत नगर निवासी राइस मिलर्स एसोसिएशन के पूर्व नगराध्यक्ष शिव स्वरूप गुप्ता ने उसके लड़कों से बैनामा करा लिया। आरोप है कि उसके पुत्र नंदकिशोर और पवन से बैनामा कराने के समय जो शपथ पत्र लिया था उसमें मां को मृत और छोटे भाई अमित को पागल दर्शाया गया। धोखाधड़ी करके खरीदे गए प्लाट पर आरोपियों ने कब्जा भी कर लिया।
महिला का कहना है कि 24 फरवरी को जब वह प्लाट पर पहुंची तो आरोपियों ने गाली गलौज करने के साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस को तहरीर दी, लेकिन कार्रवाही नहीं हुई। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने शिव स्वरूप गुप्ता, नंदकिशोर, पवन कुमार, नन्हूलाल गुप्ता, स्वामी दयाल, भुता के गांव ककरा निवासी हरिओम, नगर निवासी रामसेवक गुप्ता समेत आठ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।