दहेज में दो लाख रुपये और कार की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने नवविवाहिता को मार पीटकर घर से निकाल दिया। विवाहिता का आरोप है कि पति अश्लील वीडियो क्लिप बनाकर वायरल करने की धमकी देता है। जहानाबाद क्षेत्र की रहने वाले एक किसान ने अपनी पुत्री की शादी छह माह पूर्व गौनेरा गांव के युवक से की थी। आरोप है कि शादी कुछ दिन बाद ही ससुराल वाले दहेज में दो लाख रुपये व कार मांगने लगे। मायके वालों के असमर्थता जताने पर विवाहिता को प्रताड़ित किया जाने लगा। 22 जनवरी की दोपहर करीब एक बजे उसे ससुराल वालों ने पीटा और घर से निकाल दिया। इससे पहले पति ने आठ दिन तक कमरे में बंद रखा और मोबाइल से विवाहिता की अश्लील वीडियो बना ली। घर से निकालने के बाद अश्लील वीडियो इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी दी गई। विवाहिता के पिता ने आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। इंस्पेक्टर जहानाबाद राकेश सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है।