रामबारात में बजाए जा रहे डीजे को पुलिस द्वारा बंद कराते ही विवाद की स्थिति बन गई। गुस्साए लोगों ने सड़क पर धरना शुरू कर दिया। बिना डीजे राम बारात ले जाने से इंकार कर दिया। काफी देर पुलिस से तीखी नोकझोंक होती रही। बाद में सीओ सिटी ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
शुक्रवार शाम को परमठ मंदिर से राम बारात निकल रही थी। लोटन महाराज चौराहे पर पहुंचते ही कोतवाली पुलिस ने राम बारात में बजाए जा रहे डीजे को बंद करा दिया। इसके बाद कोतवाल हरगोविंद सिंह डीजे उतरवाने की कोशिश करने लगे। पुलिस की कार्रवाई को गलत बताकर बारात आयोजक व पब्लिक भड़क गई। पुलिस की कार्रवाई के विरोध में सड़क पर बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी। बिना डीजे के बारात को आगे ले जाने से मना कर दिया। इधर, कोतवाल डीजे उतरवाने पर अड़े रहे। इसे लेकर दोनों के बीच काफी नोकझोंक हुई। सूचना मिलने पर सीओ सिटी निर्मल कुमार विष्ट मौके पर पहुंचे। गुस्साए लोगों से बातचीत की गई। लोगों ने कोतवाली पुलिस की कार्रवाई को गलत बताया। लंबी बातचीत के बाद समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया गया। सीओ सिटी निर्मल कुमार विष्ट ने बताया कि बारात में डीजे के प्रयोग को लेकर मामूली विवाद हुआ था, जिसको शांत करा दिया गया है। बारात में डीजे बंद कराकर सिर्फ सुराही बजाई जा रही है।