निर्धारित समय पर डीजे बंद करने से खफा बारातियों ने हंगामा शुरू कर दिया। डंडे लेकर बारात घर के कर्मचारियों से मारपीट शुरू कर दी। विवाद की सूचना मिलने पर पहुंचे बारात घर स्वामी, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष आफरोज जिलानी और उनके भाई पर भी हमला बोल दिया। बारात घर और एक डॉक्टर की कार में तोड़फोड़ की। हंगामे की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल मामला शांत कराया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन नामजद और 25 अज्ञात लोगों पर गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
केजीएन इंकलेब निवासी व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष आफरोज जिलानी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बारात घर खकरा-नकटादाना रोड पर है। रविवार रात को उनके बारात घर में नन्हेलाल कश्यप के बेटे की शादी थी। रात करीब दस बजे नियमानुसार डीजे बंद कर दिया गया। इस बात पर बारातियों ने हंगामा शुरू कर दिया। रात 12 बजे तक जबरन डीजे बजवाते रहे। बाद में दुबारा बंद करने पर डीजे बजाने का दबाव बनाने लगे। मना करने पर नशे में धुत बारातियों ने बारात घर के कर्मचारियों पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। मारपीट की सूचना मिलने पर जिलानी अपने ममेरे भाई मोहम्मद आरिफ के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत करने की कोशिश की तो उन पर भी हमला कर दिया। किसी तरह दोनों ने भागकर जान बचाई।
इसके बाद गुस्साए बारातियों ने बारात घर के सामान में तोड़फोड़ की। बाहर खड़ी पीड़ित की कार भी तोड़ दी। सड़क से गुजर रहे एक डॉक्टर की कार में भी तोड़पोड़ की गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। घटना की नामजद तहरीर पीड़ित व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष की ओर से कोतवाली पुलिस को दी गई।
000
राहगीरों पर भी हो गए थे हावी
बारातियों का हुड़दंग सिर्फ बारात घर तक ही सीमित नहीं रहा। वे लाठी-डंडे लेकर सड़कों पर भी आ गए और राहगीरों से बदसलूकी की जाने लगी। मोहल्ला दुर्गाप्रसाद निवासी डॉ. शरीफ उल्लाह परिवार के साथ जा रहे थे। इनकी कार को रोक, आरोपियों ने कार में तोड़फोड़ की। डाक्टर के परिवारीजनों से भी मारपीट की गई। जिसको लेकर क्षेत्र में दहशत बनी रही।
000
तहरीर के आधार पर पंकज कश्यप, नन्हेलाल कश्यप, मोनू कश्यप और 25 अज्ञात पर बलवा, जानलेवा हमला, तोड़फोड़ आदि धाराओं में केस दर्ज किया गया है। हुड़दंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
एके सिंह, एसएसआई कोतवाली