नेपाल बार्डर की ओर से आ रही एक ऑल्टो कार से पुलिस ने गोवंशीय पशुओं को बरामद किया है। पुलिस के पीछा करने पर तस्कर गाड़ी छोड़कर भाग गए। काफी तलाशने के बाद भी तस्करों का सुराग नहीं लग सका है। रविवार रात इंस्पेक्टर दुर्गेश कुमार मिश्रा गश्त पर थे। खटीमा रोड पर पुलिस को एक ब्लैक ऑल्टो कार आती दिखाई दी। कार के शीशों पर ब्लैक फिल्म चढ़ी हुई थी, जिस पर पुलिस को शक हुआ और चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी और तेज कर दी। पुलिस ने पीछा करना शुरू किया तो ऑल्टो सवार गाड़ी छोड़कर मौके से भाग निकले। पुलिस ने डगा के पास कार को कब्जे में ले लिया। तलाशी लेने पर कार से दो जिंदा और एक मृत गोवंशीय पशु बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद जिंदा पशुओं को देवीपुरा गोशाला भेजकर मामले में अज्ञात तस्करों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि कार नंबर के आधार पर तस्करों का पता लगाया जा रहा है। उनको जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।