पुलिस ने बरहा रोड स्थित रेलवे क्रासिंग के पास एक युवक को धर दबोचा। आरोपी के पास से डेढ़ किलो चरस बरामद हुई।
सीओ सिटी अनुराग दर्शन ने बृहस्पतिवार को प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि पिछले कई दिनों से स्वाट टीम चरस की तस्करी करने वालों की सुरागरसी में जुटी थी। बुधवार रात पुलिस को सूचना मिली कि पूरनपुर के कुरैशियान शेरपुर निवासी मोहम्मद मियां चरस की बिक्री करने के लिए पीलीभीत आया है। इस पर स्वाट टीम प्रभारी रेहान खां, आसाम चौकी इंचार्ज मनोज कुमार यादव, कांस्टेबल सत्यवीर कौशिक, शिवराज, हरीश शर्मा, मोहम्मद अली, हसमत अली, उदयवीर, सुरेंद्र पाल, राजेंद्र ने बरहा रोड पर घेराबंदी कर आरोपी को रेलवे क्रासिंग के पास धर दबोचा। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से डेढ़ किलो चरस बरामद हुई। पूछताछ के बाद बृहस्पतिवार को उसे जेल भेज दिया गया।
नेपाल से उत्तराखंड तक फैला नेटवर्क
पकड़े गए आरोपी मोहम्मद मियां ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह नेपाल से 20 हजार रुपये में विजय नामक युवक से चरस खरीदकर लाया था। बाइक पर पूरनपुर गया। इस बीच रास्ते में कहीं भी पुलिस ने चेकिंग नहीं की। वहां से वह मैजिक में पीलीभीत पहुंचा। यहां उसे खटीमा के एक युवक को 30 हजार रुपये में चरस बेचनी थी।
आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर चालान कर दिया गया है। पूछताछ में सामने आए कुछ नामों पर छानबीन कराई जा रही है। इसके अलावा आरोपी का आपराधिक इतिहास भी पूरनपुर पुलिस से मांगा है।
अनुराग दर्शन, सीओ सिटी