धोखे से शोहदे के नंबर पर कॉल चली जाना एक महिला को काफी महंगा पड़ गया। शोहदा मोबाइल पर लगातार फोन करके महिला की बेटी को परेशान कर रहा है। शादी करने को दबाव बनाता है। शादी न करने पर अगवा कर लेने की धमकी देता है। पीड़ित ने एसपी के समक्ष पेश होकर मामले में कार्रवाई की मांग की। कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले की रहने वाली महिला ने बताया कि उसके पति की मौत हो चुकी है। करीब दस दिन पहले उसने अपनी बेटी के मोबाइल से एक रिश्तेदार से बात करने को फोन लगाया था। तभी धोखे से गलत नंबर मिल जाने पर कॉल शोहदे के मोबाइल पर चली गई। महिला ने गलत नंबर लग जाने की कहकर अपनी गलती स्वीकार भी कर ली थी। आरोप है कि उसकी बेटी को शोहदा बार-बार कॉल करके परेशान कर रहा है। उससे अश्लील बातें करता है। मना करने के बाद भी फोन आना बंद नहीं हुए। इसकी शिकायत करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित महिला की शिकायत पर एसपी ने कोतवाली पुलिस को मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।