मूलत: बरेली के मीरगंज (हाल निवासी कर्मचारी नगर बरेली) निवासी उपनिरीक्षक राकेश शर्मा पिछले करीब एक साल से जिले में तैनात हैं। सदर कोतवाली की ठेका, खकरा चौकी सहित कई चौकियों के बाद उन्हें पिछले सप्ताह ही बरेली मार्ग पर स्थित ललौरीखेड़ा चौकी का इंचार्ज बनाया गया था। दोपहर को वह पुलिस लाइन और कोतवाली भी आए थे। शाम करीब पांच बजे क्षेत्र में भ्रमण के दौरान उन्हें सीने में दर्द की शिकायत हुई। इस पर साथी पुलिस कर्मी उन्हें नवाबगंज के एक प्राइवेट अस्पताल ले गया। जहां उनका निधन हो गया। चौकी इंचार्ज के निधन की सूचना पर पुलिस में शोक छा गया। पुलिस अधीक्षक जेके शाही, एएसपी सुधीर कुमार सिंह, सीओ जहानाबाद निर्मल सिंह विष्ट, एसओ जहानाबाद धनंजय सिंह कई पुलिस अधिकारी नवाबगंज पहुंचे। नवाबगंज पुलिस ने अस्पताल की सूचना पर शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरा है। मंगलवार को उनका बरेली में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। सूचना पर उनका परिवार भी बरेली से नवाबगंज पहुंच गया है। उनके दो पुत्र क्रमश: कौशल व राहुल एवं एक बेटी अनुराधा है। बड़े पुत्र बरेली की एचडीएफसी बैंक में तैनात हैं और विवाहित हैं जबकि निजी कंपनी में कार्यरत राहुल और एमए की पढ़ाई कर रही अनुराधा अविवाहित हैं। उनकी अचानक मौत से घर वालों का रो रो हाल है।