बीसलपुर रोड पर मकसूदापुर की तरफ से आ रहे टैंकर की टक्कर से सर्राफा कारोबारी 60 वर्षीय राममूर्ति घायल हो गए। उन्हें गंभीर हालत में सीएचसी लाया गया, जहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घरवाले उन्हें बरेली के एक प्राइवेट अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बिलसंडा कस्बा निवासी सर्राफा व्यवसायी राममूर्ति गुरुवार को साइकिल से जादौपुर स्थित एक आश्रम से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मकसूदापुर की तरफ से आ रहे एक टैंकर ने सामने से साइकिल में टक्कर मार दी। इससे राममूर्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक टैंकर समेत मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंचे परिवार के लोग जिला अस्पताल न ले जाकर उन्हें बरेली के एक निजी अस्पताल में ले गए। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद से उनके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। राममूर्ति की पत्नी बिंदेश्वरी देवी और दो पुत्रों विजेंद्र वर्मा तथा सतेंद्र वर्मा का रो-रोकर बुरा हाल है। एसओ जितेंद्र यादव का कहना है कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।