दो असलहाधारी बदमाशों ने घर में सो रहे सर्राफ दंपति को बंधक बना लिया और नगदी व जेवरों समेत हजारों का माल लूटकर फरार हो गए। हालांकि पुलिस घटना चोरी की बता रही है। कस्बे के वार्ड नंबर चार के रहने वाले सर्राफा व्यापारी पंकज रस्तोगी ने बताया था कि मंगलवार देर रात दो बदमाश छत के रास्ते उनके घर में घुस गए। लोहे की सरिया से जीने के दरवाजे का कुंडा खोलने के बाद बदमाश नीचे पहुंचे और सर्राफ पंकज को कमरे में बंद कर दिया। दूसरे कमरे में सो रही पंकज की पत्नी रेखा रस्तोगी पर तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाशों ने सोने की अंगूठी, दो चांदी की अंगूठी, एक घड़ी और अठारह हजार रुपये नकदी लूटने के बाद भाग गए। बदमाशों के चले जाने पर पंकज ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची तब तक आसपास के लोग जमा हो चुके थे। इंस्पेक्टर हरगोविंद सिंह ने बताया कि मामला लूटपाट का नहीं है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।
गृहस्वामी के फायर दागने पर भागे बदमाश
बरखेड़ा। मकान में घुसकर लूटपाट का प्रयास कर रहे बदमाशों को गृहस्वामी ने खदेड़ दिया। आहट सुनकर जागे गृहस्वामी ने लाइसेंसी बंदूक से हवाई फायर करना शुरू कर दिया, जिससे बदमाश घबराकर भाग गए।
कस्बे के मोहल्ला कुंदनपुर गौटिया के निवासी गन्ना विकास परिषद के ब्लाक अध्यक्ष राजेश गंगवार मंगलवार को सत्संग कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। घर पर पत्नी शीला देवी व बेटा मुनेंद्र थे। इस बीच छत के रास्ते चोर मकान में घुस आए। इसके बाद जाल में लगा कुंडा तोड़ने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे। इसके बाद बदमाश उनके भाई कृष्णपाल के मकान में जा पहुंचे। घर की छत पर सूख रहे कपड़े एक-दूसरे से जोड़कर उसी के सहारे एक एक बदमाश नीचे आंगन में उतर रहा था। तभी कपड़ा फट जाने पर नीचे उतर रहा चोर गिर पड़ा। धड़ाम की आवाज सुनकर घर की मालकिन कमलेश जाग गई। उसके शोर मचाने पर आंगन में सो रहे गृहस्वामी कृष्णपाल जाग गए और अपनी लाइसेंसी बंदूक से हवाई फायर शुरू कर दिए। उन्होंने लगातार ताबड़तोड़ पांच फायर किए। इससे घबराए बदमाश मकान से निकलकर भाग गए। उसी समय घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस बदमाशों को आसपास इलाके में तलाशती रही, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।