कोचिंग पढ़कर घर लौट रही छात्रा को गांव के एक शोहदे ने रास्ते में रोक लिया। वह पहले तो एक तरफा प्यार का इजहार करते हुए फब्तियां कसता रहा। छात्रा के नजरअंदाज करने पर शोहदे ने छेड़छाड़ शुरू कर दी। छात्रा के विरोध करने पर मारपीट की और धमकी देकर भाग गया। पीड़ित पक्ष के तहरीर देने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जहानाबाद थाना क्षेत्र के रहने वाले ग्रामीण ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी पुत्री इंटरमीडिएट की छात्रा है। उनकी बेटी को उन्हीं के गांव का चमन पुत्र रोशनलाल आए दिन परेशान करता है। पहले भी कई बार छेड़छाड़ कर चुका है। मंगलवार की शाम करीब पांच बजे उनकी बेटी कोचिंग पढने के बाद घर लौट रही थी। आरोप है कि रास्ते में उसे आरोपी चमन ने घेर लिया छेड़छाड़ करते हुए जबरन छात्रा को प्रेमपत्र दे दिया। छात्रा के विरोध करने पर आरोपी ने सरेराह मारपीट की। छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण जमा हो गए। इसके बाद आरोपी धमकी देकर भाग गया। उसने घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी। उसे लेकर पिता थाने गए और आरोपी के खिलाफ तहरीर दे दी। इंस्पेक्टर राकेश सिंह ने बताया कि आरोपी चमन के खिलाफ तहरीर के आधार पर छेड़छाड़ व पाक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश जारी है।