सीओ दफ्तर के पास दाे दुकानाे में चोरी
सीओ कार्यालय के समीप स्थित दो दुकानों के ताले तोड़कर चोर नगदी और सामान उड़ा ले गए। इस घटना की तहरीर थाने में दे दी गई है, लेकिन रविवार देर शाम तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। मोहल्ला खानकाह निवासी अफरोज और पप्पू सीओ कार्यालय के समीप पान मसाला की दुकान चलाते हैं। रविवार सुबह दोनों दुकान खोलने पहुंचे तो ताले टूटे देखकर दंग रह गए। अफरोज ने बताया कि उसके खोखा से चोर 22 सौ रुपये नगद, सिगरेट और पान मसाला सहित करीब दो हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया। उनके पड़ोसी पप्पू की दुकान से चोर 12 सौ रुपये नगद और करीब 16 सौ रुपये का सामान ले गए। पप्पू की ओर से घटना की तहरीर पुलिस को दे दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर पूछताछ की, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।