मोहल्ला हबीबुल्ला खां शुमाली निवासी श्याम मोहन तिवारी के 17 वर्षीय
पुत्र प्रसून का बुधवार को अपहरण कर लिया गया। आरोप है कि मोहल्ले के एक
दबंग परिवार के लड़के से कहासुनी के बाद उसे अगवा किया गया। घटना के बाद
इलाके में सनसनी फैल गई है। छात्र की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
अभी रिपोर्ट नहीं दर्ज हुई है।
श्याम मोहन तिवारी ने बताया कि प्रसून
शाहजहांपुर के एक कॉलेज में कक्षा 12 का छात्र है। इस समय वह छुट्टियों पर
घर आया हुआ है। प्रसून का बुधवार को सुबह मोहल्ले के ही छात्र से किसी बात
को लेकर कहासुनी हो गई थी। छात्र ने इसकी शिकायत अपने घर वालों से बढ़ा
चढ़ाकर कर दी थी। वह एक दबंग परिवार से ताल्लुक रखता है।
इस पर उसके घर
वालों ने सेलफोन पर लड़की के नाम से मैसेज देकर प्रसून को दोपहर 12:30 बजे
मोहल्ला बाजार कटरा स्थित एक होटल के सामने बुलाया। प्रसून के पहुंचते ही
वहां मौजूद लोगों ने उसका अपहरण कर लिया। अपहरण कर्ता उसे बाइक पर बिठाकर
बिलसंडा रोड पर मारते हुए ले गए।
रास्ते में तमाम लोगों ने यह देखा लेकिन
किसी ने हस्तक्षेप करने की जहमत नहीं उठाई। इसी बीच प्रसून ने अपने सेलफोन
से मां स्नेहलता को को घटना की जानकारी दी और अपहरणकर्ताओं के नाम पते भी
बताए। इससे परिवार में हड़कंप मच गया। मां ने कोतवाली में छह लोगों को
नामजद कर पुलिस को तहरीर दी है।
नामजद लोगों में पांच युवक मोहल्ला
हबीबुल्ला खां शुमाली और एक युवक मोहल्ला हबीबुल्ला खां जनूबी का बताया गया
है। थाना प्रभारी केपी सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस की टीमें बरामदगी के लिए लगाई गई हैं। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट
दर्ज कर ली जाएगी।