ब्हाट्सएप पर आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर पौटाकलां में बवाल
ब्हाट्सएप ग्रुप पर धार्मिक आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने को लेकर पौटाकलां गांव का माहौल गर्मा गया। इसका पता लगने पर एक पक्ष के सैकड़ों लोग इकट्ठे होकर हाईवे पर जा पहुंचे जाम लगाकर नारेबाजी शुरू कर दी। आपत्तिजनक पोस्ट डालने वाले आरोपी को पकड़ लिया और पिटाई कर दी। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पर सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन देकर शांत किया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात कर दी गई है। बरखेड़ा थाना क्षेत्र में रहने वाले एक किशोर ने कुछ दिन पहले ब्हाट्सएप ग्रुप पर आपत्तिजनक धार्मिक पोस्ट कर दी थी। बुधवार सुबह पौटाकलां गांव के लोगों को इसकी जानकारी हुई तो मामला गर्मा गया। कुछ ही देर में एक पक्ष के सैकड़ों लोग जमा हो गए। फिर उन्होंने गांव के बाहर शाहजहांपुर हाईवे पर जाकर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारी आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी कर रहे थे। इसी बीच कुछ लोगों ने 15 साल के आरोपी लड़के को दबोच लिया और जमकर पिटाई कर दी। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस में हड़कंप मच गया। सीओ बीसलपुर हरीश भदौरिया, एसएचओ बरखेड़ा राजेश कुमार मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया गया। इसके बाद लोगों को आरोपी पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।