खनौद चेक पोस्ट के पास गेहूं की फड़ पर ग्राहक बनकर आए बाइक सवार दो युवक 36 हजार रुपये रखी गोलक उड़ा ले गए। पुलिस ने तहरीर मिलने पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। कस्बे के निवासी विमलेश वंडा मार्ग पर खनौद पुलिस चेक पोस्ट के पास गेहूं की फडनुमा दुकान करते हैं। शुक्रवार सुबह रोज की तरह वह अपने मुनीम भानू के साथ पहुंचे। फड़ लगाने के बाद उन्होंने 36 हजार रुपये रखी हुई गोलक दुकान पर रख दी। इस बीच बाइक सवार दो युवक आए। एक ने हेलमेट पहन रखा था। पहले गेहूं का दाम पूछा और बाद में दोनों ने मुनीम भानू को बातों में लगा लिया। इसके बाद मौका लगते ही नकदी भरी गोलक उठाकर भाग निकले। पीड़ित ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को जमा किया। पीछा कर आरोपियों को पकडने की कोशिश की गई, लेकिन असफल रहे। आरोपी बिलसंडा की ओर निकल गए। पीड़ित ने घटना की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। एसओ रूम सिंह वघेल ने बताया कि मामला लूट का नहीं है। तहरीर के आधार पर अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसकी जांच कराई जा रही है।