मकान के बाहर खड़ी साइकिल को चोरी करने का प्रयास कर रहे एक युवक को पब्लिक ने धर दबोचा। इसके बाद उसकी मौके पर ही भीड़ ने जमकर पिटाई लगा दी। इसकी सूचना मिलने सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। कार्रवाई के लिए साइकिल स्वामी से तहरीर मांगी गई है।
घटना सोमवार सुबह करीब नौ बजे की है। शहर के मोहल्ला सुनगढ़ी में एक मकान के बाहर खड़ी साइकिल को एक युवक चोरी कर ले जाने लगा। साइकिल स्वामी की इस पर नजर पड़ गई। जिस पर उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इकट्ठा कर लिया। इसके बाद भीड़ ने दौड़ाकर आरोपी को पकड़ लिया। उसकी मौके पर ही पिटाई लगाना शुरू कर दी। लोगों का आरोप था कि पिछले कई दिनों से छिटपुट चोरी की वारदातें अंजाम दी जा रही है। जिनमें पकड़े गए युवक पर ही लोगों ने संदेह जताया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। इंस्पेक्टर गोपीचंद यादव ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। साइकिल स्वामी से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। इधर जिला अस्पताल में एक महिला ने नजदीक खड़े युवक पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। भीड़ ने युवक की पिटाई कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। जिसके बाद मामला कोतवाली पहुंचते ही दोनों पक्षों ने सुलह कर ली।