छतरी चौराहा पर ट्रैफिक हेल्पलाइन 1073 के प्रचारप्रसार के लिए आयोजित गोष्ठी में एसपी अनिल कुमार सिंह ने कहा कि जिले में सबसे अधिक मौतें सड़क हादसों में हो रही हैं। डेढ़ माह में हुई मौतों पर यदि नजर डालें तो जिले में प्रतिदिन औसतन सड़क हादसे में मौत हो रही है।
महिला हेल्पलाइन और ट्रैफिक हेल्पलाइन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए एसपी की अध्यक्षता में छतरी चौराहा पर एक गोष्ठी हुई। गोष्ठी को संबोधित करते हुए एसपी अनिल कुमार सिंह ने कहा कि सड़कों पर यातायात अनवरत चलता है। जरा सी असावधानी पर लोगों की जानें चली जाती हैं। सर्वाधिक मौत सड़क दुर्घटनाओं में होती है। उन्होंने कहा कि अगर पीलीभीत जिले की बात करें तो डेढ़ महीने के आंकड़ों के मुताबिक जिले में औसतन प्रतिदिन एक व्यक्ति की मौत हो रही है। इसके लिए हम सभी को जागरूक होकर यातायात नियमों का पालन करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक के फ्लैक्सी बोर्ड पर लिखी यदि 10 बातों में से दो ही बातों पर चालक अमल करें तो दुर्घटना टाली जा सकती है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं जाम लगा है या फिर दुर्घटना में घायल हुआ कोई व्यक्ति तडफ़ रहा है तो इसकी सूचना टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1073 पर दें, जिससे समय से मौके पर पहुंचकर पुलिस मदद कर सके। उन्होंने महिलाओं से महिला हेल्पलाइन टोल फ्री 1090 के भी प्रचार-प्रसार पर जोर दिया और छेड़छाड़ आदि की जानकारी देने की अपील की। नगरपालिका परिषद के चेयरमैन प्रभात जायसवाल, व्यापार मंडल के जौली ने भी संबोधित किया। गोष्ठी के दौरान सीओ जहॉनाबाद निर्मल कुमार विष्ट, इंस्पेक्टर सुनगढ़ी अतुल प्रधान, एसओ जहॉनाबाद दुर्गेस मिश्रा, टीेसआई मनोज बिरला, राजेश अग्रवाल उर्फ बिचले सहित तमाम लोग मौजूद रहे।