फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रमजान शुरू होते ही माहौल बिगाड़ने की कोशिश

Sat, 19 May 2018 01:22 AM IST
न्यूज डेस्क,अमर उजाला,पीलीभीत
विज्ञापन
investigation
विज्ञापन
रमजान माह को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से की जा रही तैयारियों को उस वक्त झटका लगा, जब शरारती तत्वों ने पूरनपुर देहात क्षेत्र के मकरंदपुर गांव स्थित धर्मस्थल मेें तोड़फोड़ कर फिजा बिगाड़ने का प्रयास कर डाला। शुक्रवार सुबह महिलाओं व बच्चों के पहुंचने पर इसकी जानकारी हुई, तो कुछ ही देर में काफी संख्या में एक समुदाय से जुड़े लोग जमा हो गए और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की जाने लगी। रमजान के पहले दिन हुई खुराफात की सूचना मिलते ही एसपी बालेंदु भूषण, एएसपी रोहित मिश्रा व भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई। धार्मिक स्थल के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कराकर सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर भीड़ को शांत कराया गया। जिसके बाद पुलिस ने मामले में चार नामजद व अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की हैै।  
विज्ञापन

शुक्रवार सुबह रमजान के पहले दिन मकरंदपुर गांव में खेतों के बीच स्थित सैय्यद मर्द बाबा की मजार पर कुछ महिलाएं बच्चों के साथ पहुंची। वहां मजार के भीतर का काफी हिस्सा टूटा देख चीख पुकार मच गई। कुछ ही देर में काफी संख्या में लोग जमा हो गए और आक्रोशित होकर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग शुरू कर दी गई। यह भी आरोप लगाया गया कि तोड़फोड़ के अलावा मजार की गोलक से नकदी भी चोरी की गई है। इसकी सूचना मिलने पर एसएसआई उदयवीर सिंह मौके पर पहुंचे। हालात देख इसकी सूचना अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही एसपी बालेंदु भूषण सिंह, एएसपी रोहित मिश्रा, एसडीएम जेपी सिंह, तहसीलदार आनंद प्रकाश राय  व भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। सीओ बीसलपुर अनुराग दर्शन को भी जिले के अन्य थानों की पुलिस के साथ बुला लिया गया। भीड़ ने घटना को अंजाम देने वालों की गिरफ्तारी को लेकर अफसरों से बातचीत की। इस बीच मजार को आने वाले चकरोड पर अवैध कब्जा कर सकरा करने का आरोप लगाते हुए पैमाइश करवाने की भी मांग की गई। जिसके बाद अधिकारियों ने निष्पक्ष व सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाकर लोगों को शांत कराया। एसपी ने रघुनाथपुर के प्रधान हरेंद्र सिंह से बातचीत कर क्षेत्र के बारे में जानकारी की। इसके बाद एसपी ने आनन-फानन में तोड़े गए धार्मिक स्थल का निर्माण करवा दिया। तब कहीं भीड़ को शांत कराया जा सका। पुलिस ने मजार की देखरेख करने वाले मोहल्ला रजागंज निवासी मोर्हरम अली की ओर से रामऔतार, राहुल, पीयूष, अरविंद और अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।  

शुक्रवार की नमाज को लेकर सतर्क रही पुलिस 
पूरनपुर। मजार में हुई तोड़फोड़ के बाद शुक्रवार की नमाज के बाद किसी तरह का विरोध प्रदर्शन न शुरू कर दिया जाए, इसको लेकर भी जिला प्रशासन अलर्ट रहा। पुलिस बल को पूरनपुर में रखने साथ ही अफसर खुद रूके रहे। हालांकि लोगों ने हिंदू-मुस्लिम भाईचारे की बात करते हुए शांति बनाए रखने की बात कही और अफसरों से आरोपियों पर सख्ती को कहा गया। इसके अलावा अधिकारी मौलानाओं से भी संपर्क साधकर जानकारी जुटाने में लगे रहे।  
विज्ञापन


दो साल पहले भी इसी मजार में हुई थी तोड़फोड 
पूरनपुर। मकरंदपुर गांव में खेतों के बीच स्थित उक्त मजार पर तोड़फोड़ की ये कोई पहली वारदात नहीं है। जून 2016 में भी शरारती तत्वों ने यहां पर तोड़फोड़ की थी। इसके बाद भी हालात तनावपूर्ण बन गए थे। उस वक्त कोतवाली पुलिस ने पूरनपुर देहात के मोहल्ला इंदिरा नगर निवासी शीबू की तरफ से राइस मिलर रमेश पांडेय, उनके भाई रामऔतार पांडेय, रिश्तेदार आयुष पांडेय, राहुल पांडेय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने आरोपियों का कोर्ट के लिए चालान भी किया था।  

माहौल पूरी तरह से शांत है। किसी तरह की विवाद की स्थिति नहीं है। खुराफात करने वालों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। उनकी धरपकड़ व घटना का वर्कआउट करने के लिए सर्विलांस, स्वाट टीम को भी लगाया गया है।  
विज्ञापन

- बालेंदु भूषण सिंह, एसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें