खेकड़ा (बागपत)।
पुलिस ने मंगलवार की रात में अंतर जनपदीय गिरोह के चार सदस्यों को चोरी के विद्युत तार, ट्रांसफार्मर, नलकूपों पर लगे सोलर पैनल से भरे वाहन के साथ गिरफ्तार कर चालान किया। पूछताछ में उन्होंने बागपत, गाजियाबाद आदि जिलों में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।
थाना प्रभारी एसपी सिंह ने बताया मंगलवार की रात्रि में वह पुलिस बल के साथ नगर के जंगल में मार्ग पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान जब एक पिकअप गाड़ी आई तो गाड़ी चालक पुलिस को देख गाड़ी मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर गाड़ी को दबोचा। तलाशी लेने पर गाड़ी से दस सोलर लाइट के पैनल, छह सौ मीटर विद्युत लाइन का एल्युमीनियम का तार काटने के सामान, ट्रांसफार्मरों का सामान आदि बरामद किया । पकडे़ गए युवकों ने अपना नाम इरफान, सालिम और आस मोहम्मद निवासी ग्राम खंदरावली थाना कांधला जिला शामली, मोहम्मद फरमान निवासी ग्राम हुसैनपुर थाना बुढ़ाना जिला मुजफ्फरनगर बताया। साथ ही पुलिस ने पूछताछ के बाद बताया कि उन्होंने सोलर प्लेटें गाजियाबाद जनपद के ग्राम चिरौड़ी के जंगल में ट्यूबवेलों और तार तथा ट्रांसफार्मरों का सामान खेकड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम रटौल, मुबारिकपुर के जंगल से करीब पच्चीस दिन पहले चोरी किया । इसे अब वह बेचने के लिए ले जा रहे थे। वह बागपत, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, शामली आदि जनपदों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस ने चोरी के सामान के साथ ही गिरोह के पकडे़ गए चारों सदस्यों का बुधवार को चालान कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर चारों को जेल भेजा।