पीलीभीत/न्यूरिया।
संडा गांव में गन्ने के खेत में अज्ञात युवती का अधजला शव मिलने से खलबली मच गई। खेत में आग की लपटें उठती देख पहुंचे ग्रामीणों को शव दिखाई दिया। सीओ सदर ने थाना पुलिस के साथ मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लिया है। फिलहाल पुलिस युवती की शिनाख्त में जुटी है। माना जा रहा है कि युवती को खेत में लाकर आग लगाई गई है। घटना क्यों और किसने अंजाम दी, यह अभी रहस्य है और हर किसी की जुबान पर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस का कहना है कि युवती की शिनाख्त होने के बाद ही आगे की जांच में स्थिति साफ हो सकेगी।
न्यूरिया थाना क्षेत्र के ग्राम संडा निवासी राजेंद्र प्रजापति के गन्ने के खेत में बृहस्पतिवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। लपटों के उठने पर गांव तमाम लोग जमा हो गए और आग बुझाई। खेत के तीन सौ मीटर भीतर बढ़ने पर ग्रामीणों को 20 वर्षीय अज्ञात युवती का शव अधजली हालत में पड़ा दिखाई दिया। इससे ग्रामीणों के होश उड़ गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में सीओ सदर योगेंद्र कुमार, एसएचओ जसपाल सिंह ग्वाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। मौका मुआयना करने के दौरान केरोसिन से शव को जलाने की बात सामने आई। एक माचिस की डिब्बी भी मौके से बरामद की गई। हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए युवती के शव को जलाने की बात प्रतीत होने पर पुलिस छानबीन में जुट गई है। एसएचओ जसपाल सिंह ग्वाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। आसपास के कई ग्रामीणों से बातचीत कर शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। अभी कुछ स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। आसपास के गांवों से जानकारी जुटाई जा रही है कि कहीं कोई युवती गायब तो नहीं हुई है। एसएचओ का कहना है कि जल्द ही स्थिति साफ हो जाएगी।