पीलीभीत। यहां के एक ट्रांसपोर्टर ने कोतवाली में बरेली के तीन ट्रांसपोर्टरों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। यह कार्रवाई एसपी के आदेश पर हुई है। शहर के मोहल्ला साहूकारा निवासी दिलीप कुमार ने बताया कि उनका ट्रांसपोर्ट का कारोबार है। उनकी बरेली के मॉडल टाउन निवासी गुरप्रीत सिंह बग्गा से पुरानी पहचान है। उन्हें मुंबई की कई फैक्टरी में दस टायरा ट्रक लगाने का काम मिला था। इस पर दिलीप और बरेली के मॉडल टाउन निवासी ट्रांसपोर्टर गुरप्रीत सिंह पुत्र देवेंद्रपाल, गुरदीप सिंह बग्गा व गुरप्रीत सिंह बग्गा ने मिलकर ट्रक वहां भेजने की बात तय की थी। इसी के चलते फरवरी में ट्रक मुंबई भेजे गए थे। ट्रकों में दिलीप ने साढ़े छह लाख रुपये का डीजल भरवाया था। इसके अलावा 2.19 लाख रुपये के टोल जमा किए थे। जब ट्रक मुंबई पहुंच गए तो आरोपी तय की गई बात से मुकर गए। फैक्टरी और ट्रक मालिकों ने सीधे व्यापार शुरू कर दिया। दिलीप का डीजल और टोल में खर्च किया गया रुपये भी नहीं दिए। दिलीप के कई बार मांगने पर टालमटोल करते रहे। इसके बाद रकम देने से ही इंकार कर दिया। शिकायत करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देने लगे। दिलीप ने इसकी शिकायत एसपी से की। एसपी के निर्देश पर कोतवाल बरेली के तीनों ट्रांसपोर्टरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। कोतवाल वीके मिश्रा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।