खेकड़ा (बागपत)।
नगर में बड़ागांव मार्ग पर टेंपो में यात्री बैठाने को लेकर दो टेंपो चालकों में हुई मारपीट में एक टेंपो चालक घायल हो गया। घायल ने दूसरे चालक के खिलाफ तहरीर दी।
चांदीनगर क्षेत्र के ग्राम पांची निवासी जाकिर पुत्र अल्ला मेहर पांची से खेकड़ा तक टेंपो चलाता है। बृहस्पतिवार की सुबह करीब दस बजे जाकिर खेकड़ा आने के लिए अपने टेंपो में यात्री बैठा रहा था। इसी दौरान विपक्षी टेंपो चालक भी अपने टेंपो को लेकर वहां पहुंचा और जाकिर को टेंपो में यात्री बैठाने से मना करने लगा। इसी को लेकर दोनों में हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई और दोनों पक्षों में जमकर डंडे एवं लात घूसे चले। इस मारपीट में एक पक्ष का टेंपो चालक जाकिर घायल हो गया। घायल ने खेकड़ा थाने में आरोपी चालक के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर लेकर घायल का सीएचसी में इलाज कराकर जांच शुरू कर दी।