मैजिक की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत
रिछा रोड पर अटा परसुआ नहर पुल पर हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
जहानाबाद (पीलीभीत)। रिछा रोड पर अटा परसुआ नहर पुल के पास मैजिक की टक्कर लगने से रविवार दोपहर करीब 12 बजे बाइक सवार 55 वर्षीय निर्मल कौर की मौत हो गई। वह अपने भाई के साथ बाइक भतीजी के घर जा रहीं थीं। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
महोवा (लखीमपुर खीरी) क्षेत्र के गंाव पिपरा मरौरा निवासी हरदीप सिंह की पत्नी निर्मल कौर दो दिन पहले अपने मायके सितारगंज (उत्तराखंड) के नयेगांव आई थीं। इसके बाद से वह वहीं पर रह रही थीं। रविवार दोपहर वह अपने भाई पलविंदर के साथ बाइक से अपनी भतीजी के घर जहानाबाद क्षेत्र के रंपुरा मिश्र गांव जाने को निकलीं। रिछा रोड पर रंपुरामिश्र और हैदरगंज गांव के बीच अटा परसुआ नहर पुल के पास पहुंचते ही पीछे से आ रहे मैजिक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में निर्मल कौर की मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहे उनके भाई पलविंदर घायल हो गए। इसके बाद चालक मैजिक लेकर भाग निकला। हादसे की सूचना मिलने पर जहानाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। इधर परिजनों ने मौके पर मौजूद लोगों से जानकारी की। इस दौरान परिजनों को मैजिक चालक के कटईया इस्लाम गांव का रहने वाला होने की जानकारी मिली। जिसको लेकर पुलिस भी छानबीन में जुट गई है। मृतका के दो बेटे व एक बेटी है। थाना प्रभारी रूम सिंह बघेल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।