छह मोबाइल, 4,840 रुपये, रजिस्टर आदि बरामद, मुकदमा दर्ज
शुक्रवार रात मोहल्ला खैरूल्लाशाह से की गिरफ्तारी, मचा हड़कंप
पीलीभीत। मुखबिर से मिली सूचना पर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार रात दस बजे मोहल्ला खैरूल्लाशाह में एक मकान में दबिश देकर क्रिकेट मैच पर सट्टा लगवा रहे दो खाईबाड़ों को धर दबोचा। उनके पास से मोबाइल, नकदी बरामद होने पर मुकदमा दर्ज कर शनिवार सुबह चालान किया गया है। पुलिस की छापामार कार्रवाई से सटोरियों में खलबली मची रही।
एसपी कलानिधि नैथानी के जनपद का कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही सट्टा कारोबारियों पर शिकंजा कसा जाने लगा था। मंडल के सट्टा माफिया शाहजहांपुर निवासी वेदप्रकाश बेदी, फिर जिले के नामचीन सटोरिये पप्पू टेलर की गिरफ्तारी के बाद कारोबार काफी हद तक बंद हो गया था। पुलिस की सख्ती कम होते ही छिटपुट सटोरियों ने मुनाफा कमाने के लिए कारोबार को बढ़ाना शुरू कर दिया। करीब डेढ़ सप्ताह से पुलिस को मोहल्ला खैरूल्लाशाह निवासी समीर राज के मकान में क्रिकेट मैच पर सट्टे के खेल की जानकारी हुई। इसको लेकर कोतवाली पुलिस ने काफी जानकारी जुटाई। शुक्रवार रात दस बजे अफसरों के संज्ञान में डालने के बाद कोतवाल एसके सिंह, एसएसआई राजकुमार भारद्वाज, एसआई शकील अहमद ने पुलिस बल के साथ दबिश दी और आरोपी समीर राज और मोहल्ला शेर मोहम्मद निवासी मुशीर हुसैन को धर दबोचा। इनके पास से छह मोबाइल, 4840 रुपये, रजिस्टर मिला। दोनों को पकड़कर पुलिस कोतवाली ले आई। इसके बाद सिफारिश करने वालों की भीड़ जमा हो गई। कई सफेदपोश छुड़ाने के लिए दबाव बनाने में जुट गए, हालांकि पुलिस की सख्ती के आगे कामयाब नहीं हो सके। कोतवाल एसके सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को मुकदमा दर्ज कर चालान किया गया है।