मंदिर मामले में नोटिस पर भड़के श्रद्धालु, हंगामा किया
खेकड़ा (बागपत)। नगर के रेलवे रोड स्थित सदाशिव शक्ति मंदिर के पुजारी के प्रति नगर पालिका की ईओ द्वारा भेजे गये नोटिस के बाद से कमेटी के लोगाें और श्रद्धालुओं में आक्रोश है। लोगों ने मंदिर में पंचायत करने के बाद नगर पालिका में पहुंचकर हंगामा किया। वहां पहुंचे एसडीएम ने ईओ निहारिका चौहान की कार्यशैली की जांच कराकर कार्यवाही के साथ ही नोटिस निरस्त करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ही लोग शांत हुए।
हंगामा करने वाले लोगों ने कहा कि इस मंदिर में गत एक वर्ष मे कई बार दान पात्र, मूर्ति आदि चोरी होने के कारण निर्वतमान थाना प्रभारी देवेेंद्र विष्ट ने मन्दिर के पुजारी हेमंत व्यास को दक्षिण दिशा की मंदिर की सीढ़ियों पर गेट लगाने को कहा था। ताकि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लग सके। इस गेट को लगाया ही जा रहा था कि बिना जानकारी लिए पालिका ईओ ने निर्माण को अवैध बताकर नोटिस जारी पंद्रह दिन में निर्माण धवस्त करने के निर्देश दिए थे। आरोप है कि नोटिस मे पुजारी के प्रति अभद्र भाषा का भी प्रयोग किया गया था।
इसी मामले में शुक्रवार को सुबह दस बजे भारी संख्या में श्रद्धालु मंदिर प्रांगण में इकट्ठा हुए। जहां उन्होंने कहा कि मंदिर के पुजारी अत्यधिक धार्मिक प्रवृत्ति के हैं। इस पुराने मंदिर से सभी लोगों की आस्था जुड़ी है। ईओ के उपेक्षित रवैये को वह किसी भी कीमत पर बर्दास्त नही करेंगे। आक्रोशित लोगों ने ईओ के खिलाफ नारेबाजी कर नगर पालिका में पहुंचे। नगर पालिका में ईओ के न मिलने पर वहीं धरना देकर बैठ गए। सूचना मिलने पर एसडीएम अजय कुमार उपाध्याय एवं थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह भी वहां पहुंच गये। पहले तो एसडीएम और श्रद्धालुओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
जब एसडीएम को उन्होंने नोटिस दिखाया तो उन्होंने कहा कि किसी की धार्मिक आस्था को ठेस नही पहुंचने दी जाएगी। उन्होंने डीएम को मामले से अवगत करा ईओ के खिलाफ कार्यवाही और सही निर्णय का आश्वासन दिया। उन्होंने मंदिर में पहुंचकर वहा की स्थिति देखी तो शुरूआती जांच में अवैध निर्माण नहीं माना। एसडीएम के आश्वासन पर सभी लोग वापस लौट गये। इस दौरान समाज सेवी प्रमोद गोस्वामी, मास्टर विजयशंकर शर्मा, पंडित हेमंत व्यास, अशोक धामा, मास्टर राममेहर सिंह, मास्टर घनश्याम शर्मा, भगवती देवी, प्रदीप धामा, दीपक शर्मा, सुधीर धामा एडवोकेट, कृष्ण धामा, मनोज धामा सहित अन्य श्रद्धालु रहे।
----
शिकायत करने वालों की भी जांच होगी
खेकड़ा। ईओ को दिये गये शिकायती पत्र को लेकर लोगों के साथ पहुंचे देवेंद्र धामा ने कहा कि उनका किसी ने झूठा नाम लिख दिया। उन्हें कोई शिकायत नहीं है। महिला बाला देवी ने कहा कि उसका पुत्र पवन डयूटी पर गया हुआ है। उसके नाम से भी किसी ने मंदिर की झूठी शिकायत की। यह सुन एसडीएम भड़क उठे। उन्होने कहा ईओ को पहले मौके पर जाकर जांच करनी चाहिए थी कि शिकायतकर्ता सही है या गलत। उन्होंने थाना प्रभारी को निर्देश दिए झूठी शिकायत करने वाले लोगों का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी।