पीलीभीत। महिला कॉलेज के आसपास घूम रहे शोहदों को एसपी की शक्ति मोबाइल टीम ने धर लिया। उनसे पूछताछ की गई। संतोषजनक जवाब देने में असफल होने पर शोहदे पुलिस से सॉरी बोलते दिखाई दिए। बाद में पुलिस ने वाहनों के कागजात में खामियां पाए जाने पर चालान कर चेतावनी देकर छोड़ा।
बुधवार सुबह एसपी कलानिधि नैथानी के निर्देश पर शक्ति टीम के सदस्य सड़कों पर कार्रवाई करने के निकले। उपाधि कॉलेज रोड, टनकपुर हाईवे, रामलुभाई महिला महाविद्यालय, मुख्य बाजार के आसपास पहुंचकर चेकिंग की। इस दौरान बेवजह कॉलेजों के आसपास चक्कर काटने वाले युवकों को रोक पुलिस ने पूछताछ की। संतोषजनक जवाब न देने पर कड़ी फटकार लगाई। इसके बाद उनके वाहनों के कागजात चेक किए। इसमें बिना हेलमेट और तीन सवारी पाए जाने पर यातायात नियमों के उल्लंघन पर शिकंजा कसा गया। एसपी ने बताया कि सुबह कराई गई चेकिंग के दौरान 22 चालान कर 8400 रुपये जुर्माना वसूला गया है। शाम को भी बाजार में चेकिंग जारी रहेगी। इसके अलावा यातायात नियमों को लेकर कराई गई चेकिंग में 316 वाहनों के चालान, छह सीज किए गए। इस दौरान 87,400 रुपये जुर्माना वसूला गया है।
---------
वैभव