वर्कशॉप मालिक हरपिंदर की हत्या का मामला --
---
शव का हुआ पोस्टमार्टम, शरीर में नहीं मिली गोली
0 जांच के लिए पुलिस विशेषज्ञ दल ने किया दौरा
अमर उजाला ब्यूरो
माधोटांडा।
वर्कशॉप मालिक हरपिंदर सिंह हैप्पी के शव का बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम हुआ। पोस्टमार्टम में मौत की वजह गोली लगना पाया गया, पर शरीर में गोली नहीं मिली। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि गोली कितनी दूरी से मारी गई। घटना के दिन मौका मुआयना करने पहुंचे एएसपी रोहित मिश्रा ने टीम के साथ सबसे पहले घटनास्थल पर गोली को ही तलाशा था, पर गोली कही नहीं मिली। पुलिस की स्वाट टीम मान रही है कि गोली सिर से आरपार हो गई, जिसे शातिर कातिल ने घटनास्थल से हटा दिया। दूसरी ओर पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया।
बृहस्पतिवार को हरपिंदर की हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस की स्वाट टीम जुट गई। सीओ अनुराग दर्शन ने बताया कि हरपिंदर के मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाई जा रही है। परिवार वालों से हरपिंदर की दिनचर्या के बारे में भी पूछताछ की। थाना पुलिस के स्वाट टीम गांव में डेरा डालकर सुराग जुटाने में लगी है। हालांकि अभी कोई खास सुबूूत हाथ नहीं लगा है।
माधोटांडा थाना क्षेत्र के गांव कटपुरा निवासी 35 वर्षीय हरपिंदर सिंह उर्फ हैप्पी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसका शव अपनी वर्कशॉप में चारपाई पर पड़ा मिला। उसके सिर में गोली लगी थी और दोनों हाथों के बीच तमंचा फंसा था। हरपिंदर के भाई की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया। किसी तरह की वजह या फिर रंजिश को उजागर न किए जाने पर पुलिस हत्याकांड को लेकर उलझन में है।