पीलीभीत। वाहन चेकिंग को लेकर चलाए गए एसपी के अभियान में पुलिस खासा लापरवाह रही। अधिकांश चौकियों पर पुलिस की मौजूदगी नहीं दिखी तो वहीं इक्का दुक्का पर पुलिसकर्मी औपचारिक कार्रवाई कर अभिलेख दुरुस्त करने में जुटे रहे। नतीजतन अभियान को पूरी तरह से कामयाबी नहीं मिल सकी।
बृहस्पतिवार को एसपी कलानिधि नैथानी ने दुपहिया वाहनों की चेकिंग के लिए विशेष अभियान चलाया। इसमें सुबह दस बजे से दोपहर तीन बजे तक चौकी एवं मुख्य चौराहों पर तैनात होकर तीन सवारी और बिना नंबर लिखी बाइकों के चालान करने के निर्देश दिए गए। खास बात रही कि एसपी की सख्त हिदायत के बाद भी थाना स्तर पर पुलिस का लापरवाह नजरिया बरकरार रहा। दस बज से शुरू होने वाले अभियान में पुलिसकर्मी साढ़े 11 बजे तक थानों पर ही चालान बुक लेते रहे। इसके बाद चौकी पर जाकर भी चेकिंग को लेकर गंभीरता नहीं बरती गई। सुनगढ़ी, कोतवाली के अलावा देहात क्षेत्र के थानों पर भी हालात इससे जुदा नहीं रहे। नतीजतन पांच घंटे के अभियान के दौरान पुलिस मात्र 76 चालान और चार वाहनों को सीज कर सकी। जबकि यातायात नियमों को लेकर सड़कों पर हालात किसी से छिपे नहीं है। पिछले दिनों आमतौर पर कराई जाने वाली चेकिंग में इससे अधिक कार्रवाई हो जाती है। एसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि इसको लेकर गंभीरता बरती जाएगी। अभियान के दौरान अचानक चेक कर हकीकत परखी जाएगी। अगर कोई पुलिसकर्मी लापरवाही करता मिला तो उसके खिलाफ कार्रवाई तय है।