पीलीभीत। परमल की खेती को लिए गए एक लाख रुपये के ऋण की वसूली करने आई टीम ने किसान से जमकर अभद्रता की। घर में घुसकर गाली गलौज की गई। एक होमगार्ड पर कार्रवाई के दौरान लाठी मारने का भी आरोप लगा है। पीड़ित ने मामले की शिकायत कर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।
बरखेड़ा थाना क्षेत्र के इग्घरा गांव के निवासी ओमप्रकाश पुत्र वीरबल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने भूमि विकास बैंक से 2013 में परमल की खेती करने के लिए एक लाख रुपये ऋण लिया था। इसके बाद कुछ हिस्सा पीड़ित ने जमा कर दिया। बाद में ओलावृष्टि में फसल खराब हो गई। बेटी की 2015 में तबीयत खराब होने पर काफी रुपया इलाज में लग गया। जिस कारण वह ऋण की रकम अदा नहीं कर सका। बैंक के कर्मचारियों द्वारा तगादा करने पर पीड़ित ने कुछ दिन का समय मांगा। आरोप है कि इसके बाद शनिवार को टीम पुलिस के साथ पीड़ित के घर पहुंची और गाली गलौज करने लगी। गाली देने मना करने और जल्द ऋण चुकता करने की बात कहने पर धक्का मुक्की कर मारपीट की गई। साथ आए एक होमगार्ड ने लाठी मार दी। पीड़ित ने अपने साथ हुए अभद्र व्यवहार को लेकर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा मुख्यमंत्री से ऋण माफी को लेकर चलाई जा रही योजना में अपना नाम शामिल कराने की मांग की है। पुलिस ने किसान से मिली तहरीर पर जांच शुरू कर दी है। अभी मुकदमा दर्ज नहीं किया है।