बीसलपुर (पीलीभीत)। एसडीएम ने मंडी कार्यालय से कागजात बनवाए बगैर गेहूं और मैंथा का तेल ले जाने के आरोप में तीन व्यापारियों पर गुरुवार को 1.17 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया है।
मंडी सचिव सुशील कुमार ने बताया कि गांव रढै़ता का मैंथा ऑयल व्यापारी अनीस 50 किलो मैंथा का तेल जिला बरेली के कस्बा फरीदपुर को ले जा रहा था। मंडी के सचल दल ने इसे भड़रिया मोड़ पर पकड़ लिया और एसडीएम के समक्ष पेश किया। इधर जहानाबाद क्षेत्र के गांव नवदिया निवासी अनाज व्यापारी नन्हें शाह 125 क्विंटल गेहूं दियोरिया क्षेत्र से खरीदकर पीलीभीत ले जा रहा था। इसी के साथ पीलीभीत के गांव पकड़िया निवासी अनाज व्यापारी मनोज कुमार भी 125 क्विंटल गेहूं दियोरिया क्षेत्र से खरीदकर पीलीभीत ले जा रहे थे। एसडीएम जेपी चौहान ने इन व्यापारियों को मानपुर चौराहे पर पकड़ लिया। एसडीएम ने अनीस पर पांच हजार और दोनों अनाज व्यापारियों पर 1.12 लाख रुपये जुर्माना डाला है।