पीलीभीत। रिछा रोड पर रंपुरा मिश्र गांव के पास पत्नी और बेटी को ससुराल छोड़कर लौट रहे बाइक सवार 40 वर्षीय श्याम बिहारी की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग गया। जहानाबाद पुलिस ने परिजनों से जानकारी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
न्यूरिया थाना क्षेत्र के जटपुरा गांव निवासी श्याम बिहारी पुत्र रामचरन खेती करते थे। मंगलवार को वह ससुराल जहानाबाद के हैदरगंज गांव गए थे। उनके साथ पत्नी पूरनदेई और 15 वर्षीय पुत्री आरती भी थी। पत्नी और बेटी को ससुराल में ही रोक दिया और वह बाइक से अकेले घर के लिए निकले। रात करीब नौ बजे रिछा रोड पर रंपुरा मिश्रा गांव के पास पहुंचते ही बाइक को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल को आनन-फानन में सीएचसी जहानाबाद भिजवाया। वहां उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे की खबर मिलने पर परिवार में चीख पुकार मच गई। कुछ ही देर में परिजन भी मौके पर पहुंच गए। जहानाबाद पुलिस ने परिजनों से जानकारी कर बुधवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कानूनी कार्रवाई के लिए परिजनों से तहरीर मांगी गई है। बाइक चलाते वक्त श्याम बिहारी हेलमेट लगाए थे या नहीं, इसको लेकर कोई जानकारी नहीं दे सका है। मौके से भी कोई हेलमेट पुलिस को नहीं मिला है। पत्नी पूरनदेई का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के बेटी आरती के अलावा 19 साल का बेटा दुर्गेश है। हादसे के बाद परिवार में होली की खुशियां मातम में बदल गई हैं।