पीलीभीत। टनकपुर हाईवे पर डिग्री कॉलेज चौराहा के पास टैंकर से कुचलकर बाइक सवार पेंटर निवासी 22 वर्षीय अनुज सोनकर पुत्र सुरेश की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक टैंकर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी में रखवा दिया है। बाइक चलाते वक्त अनुज हेलमेट नहीं पहना था। मोहल्ला सुनगढ़ी निवासी मजदूर सुरेश का पुत्र अनुज पेंटर था। एक माह से वह उत्तराखंड के खटीमा में काम कर रहा था। सकट चतुर्थी पर्व को लेकर परिजनों के बुलाने पर वह बृहस्पतिवार दोपहर को ही पीलीभीत आया था। पूजापाठ करने के बाद शाम करीब चार बजे वह घर से निकल गया। रात आठ बजे के बाद डिग्री कॉलेज चौराहा पर बाइक से जाते वक्त अनुज को टैंक र ने कुचल दिया। इसमें वह गंभीर रुप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक टैंकर छोड़कर भाग गया। इस बीच मार्ग से गुजर रहे टीएसआई आलोक मिश्र ने घायल को सड़क पर पड़ा देखा, तो वह उसको अपनी सरकारी जीप से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने अनुज को मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना पर परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। सुनगढ़ी पुलिस भी आ गई। परिजनों से जानकारी कर शव को पुलिस ने कब्जे में लिया है। शव का शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इंस्पेक्टर सुनगढ़ी रू म सिंह बघेल ने बताया कि टैंकर को कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।