चोर कॉपर का तार, 10 हजार रुपये ले गए
गढ़वाखेड़ा। पुलिस चौकी से दस मीटर दूरी पर चोरों ने बृहस्पतिवार की रात मोटर बाइंडिंग मिस्त्री गांव निवासी तेजपाल की दुकान में नकब लगाकर करीब साठ हजार रुपये कीमत का कॉपर का तार और दस हजार रुपये की चोरी कर ली। चोरी की सूचना पर पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर पूछताछ की।
घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे तेजपाल को दुकान खोलने पर हुई। गांव निवासी तेजपाल की घर से करीब दो किलोमीटर सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र की गढ़वाखेड़ा पुलिस चौकी के सामने दस मीटर दूरी पर मोटर बाइंडिंग की दुकान है। तेजपाल ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम को दुकान बंद कर घर गया था। शुक्रवार को सुबह आठ बजे दुकान खोलने पर दुकान की पिछली दीवार में लिंटर के पास नकब लगाकर चोरी होने की जानकारी हुई। चोर उसकी दुकान से साठ हजार रुपये कीमत का नया कॉपर का तार और दस हजार रुपये चुरा ले गए। घटना की सूचना गढ़वाखेड़ा पुलिस चौकी में दी। इस पर चौकी इंचार्ज इंद्रजीत सिंह ने दुकान पहुंचकर घटना का निरीक्षण कर घटना को लेकर पूछताछ की। चौकी इंचार्ज ने बताया कि दुकान में नकब लगाकर चोरी हुई है, लेकिन चोरी की तहरीर अब तक नहीं मिली। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।