500 रुपये नहीं दिए उधार तो कर दी युवक की पिटाई
मोहल्ले के दो युवकों पर लगाया आरोप, रिपोर्ट दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। दबंग को पांच सौ रुपये उधार देने से इंकार करना एक युवक को महंगा पड़ गया। आरोपी ने अपने साथी की मदद से सोमवार शाम साढ़े छह बजे युवक को मारपीट कर घायल कर दिया। सुनगढ़ी पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला नई बस्ती के रहने वाले नीलेश कुमार पुत्र मुकेश ने बताया कि उनके मोहल्ले का आदित्य आए दिन उसको परेशान करता रहता है। सोमवार शाम को वह घर के बाहर खड़े थे। इस बीच आदित्य ने आकर 500 रुपये उधार मांगे। रुपये देने से इंकार करने पर आरोपी गाली गलौज करने लगा। गाली देने का विरोध करने पर आरोपी ने अपने साथी सुमित को बुलाकर पीड़ित की पिटाई कर दी। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोगों के जमा होने पर आरोपी धमकी देकर भाग गए। एसएचओ मोहम्मद कासिम ने बताया कि घायल का मेडिकल कराया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। उनकी धरपकड़ को दबिश दी जा रही है।