विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत
पति के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज
एसपी के आदेश पर माधोटांडा पुलिस ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
माधोटांडा/पीलीभीत। संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत के मामले में एसपी के आदेश पर मंगलवार को पुलिस ने कानूनी कार्रवाई की है। मृतका के भाई की तहरीर पर पति के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बरेली जिले के कस्बा हाफिजगंज निवासी देवराज ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन शक्ति की शादी 2003 में माधोटांडा के शाहगढ़ निवासी राकेश के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही ससुराल वाले विवाहिता को प्रताड़ित करने लगे थे। एक माह पहले शक्ति मायके आई थी, यहां कुछ दिन रहने के बाद ससुराल वाले उसको बुलाकर ले गए। 21 दिसंबर को विवाहिता से मारपीट की जानकारी मिलने पर परिवार वाले पहुंचे। ससुरालियों ने बातचीत कर दुबारा ऐसा न होने का विश्वास दिलाया। आरोप है कि 24 दिसंबर को उनको ससुराल वालों ने सूचना दी कि विवाहिता शक्ति कहीं चली गई है। इसके बाद 31 दिसंबर को उसका शव बरामद होने की बात बताई। पीड़ित ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। एसएचओ इंद्र सिंह ने बताया कि एसपी के आदेश पर आरोपी पति राकेश के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।