पीलीभीत। पुलिस चोरों की तलाश में सुरागरसी करती रही और चोरों ने एक बार फिर दस्तक देकर बंदोबस्त की कलई खोलकर रख दी। शहर से लेकर देहात क्षेत्र में दस्तक देकर एक रात में तीन स्थानों से हजारों का सामान समेट लिया। इसकी दूसरे दिन सूचना मिलने पर पुलिस ने छिटपुट चोरी बता मामले को टाल दिया है। अफसर भी पुराने रटेरटाए बयान देकर बचाव करने में जुटे रहे।
पहली वारदात कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बेनी चौधरी में हुई। यहां के निवासी मोहम्मद जफर इदरीशी के दो मकान आसपास है। बुधवार रात को एक मकान में ताला लगा था और दूसरे मकान में परिवारीजन सोने चले गए। इस बीच बंद मकान के ताले तोड़कर चोर भीतर घुस गए और सामान खंगालना शुरू कर दिया। यहां से चोर 19 हजार रुपये और पीतल के वर्तन चोरी कर ले गए। बृहस्पतिवार सुबह मकान स्वामी को घटना की जानकारी हुई। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को धटना की तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने छोटी चोरी बता टाल दिया।
000
बरखेड़ा में दो स्थानों पर चोरी
बरखेड़ा। क्षेत्र में धार्मिक स्थल समेत दो स्थानों पर चोरों ने वारदात की। ग्राम रंपुरा नत्थू निवासी महावीर पुत्र गिरधारीलाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी दुकान है। बुधवार रात चोर दुकान के ताले तोड़कर घुसे और दस हजार का सामान चोरी कर ले गए। इसके अलावा ग्राम गुलडा मचवापुर गांव निवासी नरेश मिश्रा ने बताया कि गांव में स्थित मंदिर में सोहर पैनल लगवाया गया था। जिसको चोर बुधवार रात समेट ले गए। दोनों घटनाओं की तहरीर पुलिस को दी गई है।