बीसलपुर/पीलीभीत। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के एक्सरे कक्ष में बुधवार को हुए कार्यों की जानकारी लेने पहुंचे भाजपा नेताओं और एक्सरे टेक्नीशियन में गाली गलौज और हाथापाई हो गई, जिससे स्वास्थ्य केंद्र में हड़कंप मच गया। बाद में प्रभारी कोतवाल की मौजूदगी में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
तीन भाजपा नेता बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के एक्सरे कक्ष में हुए कार्यों की जानकारी करने पहुंचे। एक्सरे टेक्नीशियन धीरेंद्र कुमार ने यह कहकर जानकारी देने से मना कर दिया कि पहले वे लोग अपना परिचय पत्र दिखाएं। यह बात भाजपा नेताओं को काफी नागवार गुजरी। पहले तो इस मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों में कहा सुनी, वाद विवाद हुआ। बाद में गाली गलौज और मारपीट होने लगी। इसी बीच हुई छीना झपटी में एक्सरे टेक्नीशियन की टेबिल पर रखा रजिस्टर भी फट गया। शोर शराबा सुनकर मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। इसी बीच सूचना मिलने पर प्रभारी कोतवाल संजीव उपाध्याय भी स्वास्थ्य केंद्र में पहुंच गए। बाद में प्रभारी अधीक्षक डॉ. ठाकुरदास के कक्ष में प्रभारी कोतवाल की मौजूदगी में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। समझौता वार्ता के दौरान दोनों पक्षों में काफी नोंक झोंक भी हुई। इस बवाल की वजह से स्वास्थ्य केंद्र में करीब एक घंटे तक कोई कामकाज नहीं हुआ। प्रभारी कोतवाल ने दोनों पक्षों में समझौता होने की पुष्टि की है।